बिग बॉस का घर हो और रिश्तों की चर्चा न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। बिग बॉस 20 की शुरुआत के साथ ही कंटेस्टेंट्स के बीच बहस, तकरार और पर्सनल लाइफ को लेकर खुलासे लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में एक्ट्रेस ईशा रिखी हैं, जो रैपर बादशाह के साथ अपनी शादी और तलाक को लेकर सुर्खियों में रही हैं। नए एपिसोड में अम्रपाली दुबे और ईशा रिखी के बीच पर्सनल लाइफ को लेकर बातचीत होती है। अम्रपाली, ईशा से कहती हैं कि जब वह कंफर्टेबल महसूस करें, तब अपनी शादी और तलाक के बारे में जरूर बात करें। इस दौरान ईशा अपनी शादी को लेकर बड़ा खुलासा करती हैं। ईशा बताती हैं कि एक समय उन्हें शादी का आइडिया इतना पसंद था कि उन्होंने 18 साल की उम्र में ही शादी करने का सपना देख लिया था। वह पति, बच्चों और एक खुशहाल परिवार की कल्पना करती थीं। हालांकि, समय के साथ उनकी सोच पूरी तरह बदल गई। अब ईशा का कहना है कि वह सिंगल रहना चाहती हैं और फिलहाल दोबारा शादी करने का उनका कोई इरादा नहीं है। अम्रपाली दुबे भी ईशा की सोच का समर्थन करती नजर आती हैं। वहीं, बिग बॉस में लव एंगल को लेकर ईशा पहले ही अपना रुख साफ कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें घर में कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं चाहिए। मजाकिया अंदाज में ईशा ने यहां तक कहा कि अगर किसी लड़के के साथ लव एंगल बनने की कोशिश हुई, तो वह उसे राखी बांध देंगी। बता दें कि मार्च 2026 में ईशा और बादशाह की शादी की तस्वीरें सामने आई थीं। वहीं, 31 अगस्त को दोनों ने तलाक का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया।