टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस का 20वां सीजन जल्द दर्शकों के बीच आने वाला है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शो का पहला लुक जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार बिग बॉस की आइकॉनिक आंख मल्टीकलर अवतार में नजर आई, जिसे देखकर फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक शो की प्रीमियर डेट, थीम और कंटेस्टेंट्स की लिस्ट का खुलासा नहीं किया गया है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार भी सलमान खान ही बिग बॉस 20 को होस्ट करते नजर आ सकते हैं। पिछले कई सीजन से उनका अंदाज, वीकेंड का वार और कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी बातचीत शो की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है। ऐसे में फैंस भी एक बार फिर उन्हें होस्ट के रूप में देखने का इंतजार कर रहे हैं।मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस बार मेकर्स बड़ा प्लान तैयार कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बंगाली एडिशन भी लगभग एक ही समय पर लॉन्च किए जा सकते हैं। तमिल में विजय सेतुपति, तेलुगु में नागार्जुन, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल के लौटने की चर्चा है। वहीं, सबसे ज्यादा सुर्खियां बंगाली संस्करण को लेकर हैं, जहां पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के होस्ट बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, मेकर्स ने इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।