भोजपुरी इंडस्ट्री की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 39 साल की उम्र में सिंगल लाइफ जी रहीं एक्ट्रेस ने अपने अपकमिंग रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के प्रोमो में ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके परिवार और फैंस दोनों को हैरान कर दिया। सामने आए प्रोमो में आम्रपाली देवी मां के मंदिर में पूजा करती नजर आती हैं। हाथ में पूजा की थाली और आंखों में आंसू लिए वह मां कालरात्रि और मां कल्याणी के सामने मन्नत मांगती हैं। इसी दौरान उनकी आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं। आम्रपाली कहती हैं कि उन्हें नहीं पता इस फैसले पर उनकी फैमिली और फैंस का क्या रिएक्शन होगा, लेकिन वह मां बनना चाहती हैं। इसके बाद जब वह अपने परिवार के सामने यह बात रखती हैं तो सभी कुछ पल के लिए हैरान रह जाते हैं। उनके पिता भी चौंकते हुए परिवार के अन्य सदस्यों की ओर देखते हैं, जबकि बाकी लोग उनसे पूछते हैं कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। इस पर आम्रपाली बिना झिझक 'हां' कहती हैं, लेकिन उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई लोग कयास लगा रहे हैं कि आम्रपाली बिना शादी के मां बनने का फैसला कर सकती हैं, जबकि कुछ फैंस उनके इस बड़े ऐलान के पीछे की सच्चाई जानने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, प्रोमो में यह साफ नहीं किया गया है कि वह शादी के बाद मां बनेंगी, बच्चा गोद लेंगी या किसी अन्य विकल्प का सहारा लेंगी।

---विज्ञापन---