टीवी के लोकप्रिय अभिनेता बरुण सोबती हाल ही में फराह खान के एक व्लॉग में नजर आए, जिसके बाद उनकी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। व्लॉग में फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ बरुण और उनकी पत्नी पश्मीन मनचंदा के घर पहुंची थीं। इस दौरान बरुण पहले की तुलना में काफी दुबले नजर आए, वहीं उनकी धीमी चाल और बातचीत के दौरान शब्दों को लेकर हिचकिचाहट ने फैंस का ध्यान खींचा। बरुण की हालत देखकर फराह खान ने भी चिंता जताई और पूछा कि आखिर वह इतने कमजोर कैसे हो गए। बातचीत के दौरान बरुण ने बताया कि वह बहुत कम खाते हैं। इस पर उनकी पत्नी पश्मीन ने खुलासा किया कि बरुण कई बार 16 से 17 घंटे तक बिना ठीक से खाना खाए रहते हैं। यह सुनकर फराह भी हैरान रह गईं। व्लॉग के सामने आने के बाद फैंस लगातार बरुण की हेल्थ को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं।