टीवी और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इस वक्त शोक का माहौल है। मशहूर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर बी.पी. सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन के बाद 31 अक्टूबर को मुंबई में उनकी प्रेयर मीट रखी गई, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकार पहुंचे। इस दौरान उनके आइकॉनिक शो 'CID' की पूरी टीम भी अपने गुरु को याद करने पहुंची। बी.पी. सिंह का 27 अक्टूबर को 77 साल की उम्र में निधन हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। उन्होंने 'CID' और 'आहट' जैसे लोकप्रिय शोज के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। 'CID' में उन्होंने डीसीपी शमशेर सिंह चिटरोले का किरदार भी निभाया था। प्रेयर मीट में शिवाजी साटम, दयानंद शेट्टी और आदित्य श्रीवास्तव समेत CID की पूरी टीम मौजूद रही। इस दौरान शिवाजी साटम ने बी.पी. सिंह को याद करते हुए बताया कि कैमरे के सामने किस तरह पेश आना है, यह उन्हें बी.पी. सिंह ने ही सिखाया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक ऐसे करीबी दोस्त को खो दिया है, जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। वहीं, दयानंद शेट्टी ने सभी का ध्यान खींचा। वह प्रेयर मीट में एक बेटे की तरह हर जिम्मेदारी संभालते नजर आए। इससे पहले उन्होंने बी.पी. सिंह की अर्थी को कंधा देकर भी बेटे का फर्ज निभाया था। वहीं, आदित्य श्रीवास्तव ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें बी.पी. सिंह के साथ काम करने का मौका मिला।