आयुष शर्मा ने हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ, शादी और करियर को लेकर खुलकर बात करते हुए उन आरोपों पर जवाब दिया, जिनमें अक्सर कहा जाता था कि उन्होंने अर्पिता खान शर्मा से शादी कर बॉलीवुड में एंट्री पाई। आयुष ने कहा कि उनकी शादी को 11 साल हो चुके हैं और इस दौरान उन्होंने सिर्फ तीन फिल्में की हैं, जिनमें से कोई भी ब्लॉकबस्टर साबित नहीं हुई। ऐसे में उनके करियर को परिवार या शादी से जोड़कर देखना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचनाएं और लोगों की बातें उन्हें काफी परेशान करती थीं, क्योंकि उन्हें लगता था कि उनके रिश्ते को गलत नजरिए से देखा जा रहा है। हालांकि, समय के साथ उन्होंने समझ लिया कि हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता और अगर वह हर आरोप का जवाब देने लगेंगे तो इसका सबसे ज्यादा असर उनके अपने रिश्ते पर पड़ेगा। इसलिए उन्होंने चुप रहकर अपने काम पर ध्यान देना बेहतर समझा। इंटरव्यू के दौरान आयुष ने अपने ससुर सलीम खान के साथ रिश्ते को लेकर भी दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार की तरह वह सलमान खान को 'भाई' कहते हैं, लेकिन आज तक सलीम खान को 'पापा' या 'डैड' कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। उनके मुताबिक, सलीम खान के लिए उनके मन में इतना सम्मान है कि वह आज भी उन्हें सिर्फ 'सलीम साहब' कहकर ही बुलाते हैं और उनके साथ बैठकर उनकी बातें सुनना अपने लिए सम्मान की बात मानते हैं।

---विज्ञापन---