टीवी के चर्चित कपल अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह की लव स्टोरी अब खत्म हो चुकी है। दोनों के ब्रेकअप के बाद सोशल मीडिया पर लगातार तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। इस बीच उनके रिश्ते में तीसरे शख्स की एंट्री की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर रिशिता कोठारी का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल, ईशा ने जब अविनाश को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो किया, तभी से दोनों के अलग होने की खबरें चर्चा में आ गईं। इसी बीच ईशा के भाई रुद्राक्ष ने अविनाश के साथ व्हाट्सऐप चैट शेयर की, जिसमें एक्टर अपनी गलती स्वीकार करते हुए ईशा और उनके परिवार से माफी मांगते नजर आए। अविनाश ने साफ कहा कि इस रिश्ते के टूटने का जिम्मेदार अगर किसी को ठहराना है, तो वह खुद हैं। वहीं, रिशिता के रूमर्ड बॉयफ्रेंड मृदुल मीणा लगातार उनका बचाव कर रहे हैं। अब नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अविनाश ने रिशिता और मृदुल को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। ऐसे में ब्रेकअप के बाद इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।