बॉलीवुड से दूर असिन आज अपनी फैमिली के साथ सुकून भरी जिंदगी बिता रही हैं। आमिर खान के साथ 'गजनी' और सलमान खान के साथ 'रेडी' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं असिन ने शादी के बाद फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। अब वह अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखना पसंद करती हैं। हाल ही में उनके पति और माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर राहुल शर्मा ने एक इंटरव्यू में अपनी फैमिली को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए। राहुल ने बताया कि उनकी बेटी अरिन रयान शर्मा 24 अक्टूबर को नौ साल की हो गई हैं। खास बात यह है कि अरिन इतनी कम उम्र में करीब 12 भाषाएं समझ और बोल सकती हैं। इनमें कोरियन, जापानी, थाई और चीनी जैसी भाषाएं भी शामिल हैं। राहुल ने मजाक में कहा कि उन्हें हिंदी और अंग्रेजी बोलने में ही परेशानी होती है, जबकि उनकी बेटी इतनी भाषाएं जानती है। राहुल ने यह भी बताया कि उनके घर में टीवी नहीं है और बेटी को मोबाइल या दूसरी स्क्रीन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। उनके घर में ढेरों किताबें हैं और अरिन अभी दूसरी कक्षा में पढ़ती हैं। वहीं, राहुल ने असिन की तारीफ करते हुए कहा कि वह हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं और मुश्किल वक्त में उनका साथ देती हैं।