मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन से उनका परिवार गहरे सदमे में है। 77 साल की उम्र में निधन के बाद मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी छोटी बेटी करिश्मा कोहली ने पिता की अर्थी को कंधा देकर बेटे का फर्ज निभाया। भावुक करिश्मा की आंखों में आंसू और चेहरे पर पिता को खोने का दर्द साफ नजर आया। करिश्मा के लिए यह जिंदगी के सबसे मुश्किल पलों में से एक था। जिस पिता ने उनका हाथ थामकर उन्हें जिंदगी की राह दिखाई, उसी पिता की अर्थी को अपने कंधे पर लेकर उन्हें अंतिम सफर तक पहुंचाना पड़ा। इस दौरान कुकू कोहली के दामाद और करिश्मा के पति मिखाइल यावलकर भी परिवार के साथ खड़े नजर आए। उन्होंने हाथ में मटकी लेकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और ससुर के अंतिम संस्कार में बेटे की जिम्मेदारी निभाई। मुश्किल घड़ी में वह करिश्मा और परिवार का सहारा बने। कुकू कोहली अपने पीछे पत्नी अरुणा ईरानी और दो बेटियों पूजा और करिश्मा को छोड़ गए हैं। दोनों बेटियां उनकी पहली पत्नी रीटा कोहली से थीं। अरुणा ईरानी की अपनी कोई संतान नहीं है। पति के निधन से अरुणा ईरानी भी पूरी तरह टूट गई हैं। सफेद कपड़ों में वह लड़खड़ाते कदमों के साथ अंतिम संस्कार में पहुंचीं और परिवार के लोग उन्हें संभालते नजर आए। बताया जा रहा है कि कुकू कोहली के आखिरी पलों में वह अरुणा से फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक मैसिव हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया।