बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्ममेकर और दिग्गज एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार 25 अगस्त को उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। कुकू कोहली के करीबी दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कुकू कोहली को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और हार्ट अटैक से पहले वह बिल्कुल ठीक थे। वह इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के जनरल सेक्रेटरी भी थे। अरुणा ईरानी के भाई संजय ईरानी ने भी निधन की जानकारी देते हुए बताया कि कुकू कोहली का हार्ट फेल हुआ था। उनका ऑपरेशन हुआ था और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुकू कोहली ने साल 1991 में ‘फूल और कांटे’ से बतौर स्वतंत्र निर्देशक डेब्यू किया था। इस फिल्म से उन्होंने अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया। इसके बाद उन्होंने ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। कुकू कोहली ने 1990 में अरुणा ईरानी से शादी की थी। उनके निधन से परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।