बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स संग शादी कर ली है। पहली पत्नी मेहर जेसिया से तलाक के करीब 7 साल बाद अर्जुन ने अपनी जिंदगी में नया अध्याय शुरू किया है। दोनों ने शुक्रवार, 21 अगस्त को गोवा के मापुसा स्थित Sub-Registrar Office में शादी रजिस्टर कराई। अर्जुन और गैब्रिएला करीब 7-8 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। इस दौरान दोनों दो बेटों के माता-पिता भी बने। उनके बेटों के नाम अरिक और अरिव हैं। अब लंबे समय के रिश्ते के बाद कपल ने अपने रिश्ते को शादी का नाम दे दिया है। अर्जुन और गैब्रिएला की शादी बेहद प्राइवेट और लो-की रही। न कोई बड़ा वेडिंग फंक्शन हुआ और न ही बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। सामने आई तस्वीरों में दोनों शादी की फॉर्मेलिटीज पूरी करते नजर आ रहे हैं। गैब्रिएला व्हाइट टी-शर्ट और ब्लू डेनिम में दिखीं, जबकि अर्जुन ने व्हाइट टी-शर्ट के साथ ब्लैक पैंट पहनी थी। हालांकि, शादी की सामने आई तस्वीरों में अर्जुन के चारों बच्चे नजर नहीं आए। अर्जुन की पहली शादी से दो बेटियां माहिका और मायरा हैं, जबकि गैब्रिएला से उनके दो बेटे हैं। यह साफ नहीं है कि बच्चे शादी की रस्मों में मौजूद थे या नहीं। बता दें कि अर्जुन और गैब्रिएला साल 2018 से साथ हैं। दिसंबर 2025 में अर्जुन ने एक पॉडकास्ट के दौरान दोनों की सगाई की पुष्टि भी की थी।