टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी की जोड़ी फैंस को काफी पसंद है। दोनों अक्सर अपनी मस्ती और नोकझोंक को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार अर्जुन अपने एक बयान की वजह से विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उन पर बॉडी शेमिंग के आरोप लग रहे हैं, जिसके बाद एक्टर ने खुद सामने आकर सफाई दी है। दरअसल, अर्जुन इन दिनों पत्नी नेहा के साथ रियलिटी शो ‘धमाल विथ पति पत्नी और पंगा-जोड़ियों का रियलिटी चेक’ में नजर आ रहे हैं। हाल ही में शो का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मुनव्वर फारुकी से बातचीत के दौरान अर्जुन ने नेहा की खाने की आदतों पर मजाक करते हुए कहा कि वह 8 घंटे सोती हैं और 16 घंटे खाती रहती हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया और लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। लगातार हो रही आलोचना के बीच अर्जुन ने एक्स पर सफाई देते हुए कहा कि यह एक मजेदार शो है और लोगों को हर बात का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहिए। वहीं, बॉडी शेमिंग के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद नेहा की बॉडी पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि उनकी खाने की आदतों को लेकर चिंता जताना था।