टीवी के पॉपुलर एक्टर अर्जुन बिजलानी को लेकर एक खबर ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन मुंबई में एक कार हादसे का शिकार हो गए। हालांकि राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में एक्टर को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब अर्जुन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के ‘इंडियन गेम शो’ की शूटिंग और प्रमोशन से लौट रहे थे। अर्जुन इन दिनों अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स वेब सीरीज ‘चुंबक’ के प्रमोशन में बिजी हैं। 20 अगस्त को वह सीरीज की पूरी टीम के साथ शो के सेट पर पहुंचे थे। शूटिंग पूरी करने के बाद अर्जुन अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक अर्जुन और कार में मौजूद अन्य लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल अर्जुन की ओर से इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन जल्द ही ‘चुंबक’ में नजर आएंगे, जो 28 अगस्त को रिलीज होने वाली है।