बॉलीवुड के खान परिवार से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। दरअसल, अरबाज खान हाल ही में ‘इंडिया इंटरनेशनल ज्वेलरी अवॉर्ड्स’ के एक इवेंट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। शुरुआत में अरबाज बिल्कुल सामान्य नजर आए, लेकिन जैसे ही एक रिपोर्टर ने सलमान खान से जुड़ा सवाल पूछना शुरू किया, उनका अंदाज अचानक बदल गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रिपोर्टर सलमान का नाम लेते हुए सवाल करने की कोशिश करती हैं, लेकिन अरबाज जवाब देने के बजाय वहां से आगे बढ़ने लगते हैं। जाते-जाते वह सिर्फ ‘थैंक्यू, बॉय’ कहते हैं और मीडिया से दूरी बना लेते हैं। उनके इस रिएक्शन को देखकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इससे पहले गणपति उत्सव के दौरान भी अरबाज और उनकी पत्नी शूरा खान की गैरमौजूदगी चर्चा में रही थी। वहीं, सलमान, सोहेल, अर्पिता और अलवीरा समेत खान परिवार के कई सदस्य साथ नजर आए थे। हालांकि, अरबाज की गैरमौजूदगी की वजह सामने नहीं आई थी।अब सलमान के नाम पर अरबाज के इस रिएक्शन को कुछ लोग दोनों भाइयों के बीच कथित तनाव से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामान्य मीडिया मोमेंट बता रहे हैं। असल वजह क्या है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।