एआर रहमान के बेटे और सिंगर एआर अमीन के एक्सीडेंट की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे। चेन्नई के गिंडी के पास करीब 3:30 बजे हुए हादसे के बाद अमीन को अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, उन्हें मामूली चोटें आईं और इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल था कि उस वक्त कार कौन चला रहा था? अब एआर अमीन ने खुद इस सवाल पर सफाई दी है। इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त वह ड्राइविंग सीट पर नहीं, बल्कि पैसेंजर सीट पर बैठे थे। अमीन ने बताया कि वह एयरपोर्ट जा रहे थे और कार उनका दोस्त चला रहा था। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। अमीन ने हादसे के बाद उनका हाल पूछने और दुआ करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया भी अदा किया। उनकी बहन खतीजा ने भी सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए बताया कि अमीन पैसेंजर सीट पर थे और उनका दोस्त गाड़ी चला रहा था। उनके मुताबिक, आगे चल रही एक गाड़ी के ड्राइवर ने रेड सिग्नल के बावजूद वाहन आगे बढ़ा दिया, जिसके बाद दोनों गाड़ियों की हल्की टक्कर हुई। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जानकारी परिवार के बयान से अलग थी। पुलिस के मुताबिक, लग्जरी कार और कैब की टक्कर हुई थी और उस वक्त अमीन SUV चला रहे थे। हादसे में अमीन, उनके दोस्त और दूसरी कार के ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। सभी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। परिवार ने मीडिया से अपील की है कि ऐसी खबरें प्रकाशित करने से पहले परिवार से जानकारी कंफर्म की जाए, ताकि गलत खबरों की वजह से लोगों में बेवजह चिंता न फैले।