एक मां के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दुख शायद ही कोई हो सकता है और इसी दर्दनाक दौर से गुजरी हैं मशहूर भजन गायिका और बॉलीवुड सिंगर अनुराधा पौडवाल। अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाली अनुराधा की जिंदगी में एक ऐसा वक्त आया था, जिसने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया था। सिंगर ने हाल ही में अपनी जिंदगी के सबसे बड़े दर्द को याद करते हुए खुलासा किया कि उन्होंने अपनी पहली बेटी को महज 25 दिन की उम्र में खो दिया था। बेटी के निधन की खबर ने अनुराधा को अंदर तक झकझोर दिया था और वह इतनी टूट गई थीं कि उन्होंने संगीत की दुनिया छोड़ने तक का फैसला कर लिया था। जिस बेटी के जन्म के बाद उन्होंने लाखों सपने सजाए थे, उसके जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया था। एक इंटरव्यू में अनुराधा पौडवाल ने बताया कि उस मुश्किल समय में उन्होंने हार मानने का मन बना लिया था, लेकिन बाद में आध्यात्मिक रास्ते ने उन्हें संभलने की ताकत दी। उन्होंने बताया कि वह दक्षिणेश्वर स्थित काली मंदिर गईं, जहां से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। गौरतलब है कि साल 2020 में अनुराधा ने अपने 35 वर्षीय बेटे को भी खो दिया था, जो लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। इससे पहले साल 1991 में उनके पति का भी निधन हो गया था। जिंदगी में इतने बड़े दुखों का सामना करने के बावजूद अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज के दम पर एक अलग पहचान बनाई और आज भी लाखों लोगों के दिलों पर राज कर रही हैं।

---विज्ञापन---