'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम एक्टर अनुज सचदेवा के घर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता प्रेम चंद सचदेवा का 2 अगस्त 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। इस दुखद खबर की जानकारी खुद अनुज ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी। उन्होंने पिता की तस्वीर के साथ अंतिम संस्कार की जानकारी साझा करते हुए परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों से अंतिम विदाई में शामिल होने की अपील की। शेयर किए गए नोटिस में एक भावुक संदेश भी लिखा था "ना मुश्किलों से डरे, ना मेहनत से थके... बस चलते रहे आखिरी सांस तक।" इस संदेश ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया। खबर सामने आते ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने अनुज और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जानकारी के मुताबिक, प्रेम चंद सचदेवा अपने पीछे पत्नी शमा सचदेवा, बेटी-दामाद टीना और सौरभ, बेटे अनुज सचदेवा और पोते-पोतियों सैना और सैर को छोड़ गए हैं। परिवार इस समय गहरे सदमे में है। बता दें कि हाल ही में अनुज सचदेवा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि उन पर डंडे से हमला किया गया था, जिसे उन्होंने हत्या की कोशिश बताया। ऐसे मुश्किल दौर के बीच अब पिता का निधन उनके लिए एक और बड़ा व्यक्तिगत झटका बनकर सामने आया है।

---विज्ञापन---