गणेश चतुर्थी की धूम पूरे देश में देखने को मिल रही है। घरों से लेकर बॉलीवुड और बिजनेस वर्ल्ड तक हर जगह गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां हो रही हैं। इसी बीच मुंबई में अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में भी ‘एंटीलिया चा राजा’ का भव्य स्वागत किया गया। 13 सितंबर की शाम हुए इस खास सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। फूलों से सजे ट्रक में गणपति बप्पा को एंटीलिया लाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच अंबानी परिवार ने बप्पा का स्वागत किया। इस दौरान नीता अंबानी लाल रंग के ट्रेडिशनल आउटफिट में बेहद खुश नजर आईं और ढोल की थाप पर झूमती दिखीं। मुकेश अंबानी भी परिवार के साथ मौजूद रहे। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने भी पूरे उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत किया। दोनों ने ऑरेंज कलर के आउटफिट में ट्विनिंग की थी। राधिका अपने भतीजे कृष्णा को गोद में लिए और ईशा अंबानी की बेटी आदिया को संभालते हुए भी नजर आईं। वहीं, पूरा एंटीलिया फूलों और रोशनी से सजा नजर आया। परिवार ने पूजा और आरती के साथ बप्पा का स्वागत किया, जिसकी झलकियां अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।