मायानगरी मुंबई में इन दिनों शादियों की धूम मची हुई है। एक तरफ आमिर खान अपनी लेडी लव गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को रजिस्टर मैरिज करने की तैयारी में हैं, तो दूसरी ओर कपूर परिवार में भी शादी का जश्न शुरू हो चुका है। अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर 6 जुलाई को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। ऐसे में कपूर खानदान में प्री-वेडिंग फंक्शन्स की रौनक देखने को मिल रही है। अंशुला कपूर के मेहंदी फंक्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन खास पलों की झलक सोनम कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। वीडियो में पूरा कपूर परिवार शादी की खुशियों में डूबा नजर आ रहा है। हालांकि, इस वीडियो में होने वाली दुल्हन अंशुला की झलक देखने को नहीं मिली, लेकिन परिवार के कई खास सदस्य कैमरे में कैद हुए। वीडियो में अंशुला के चाचा संजय कपूर मेहमानों के बीच मुस्कुराते और शादी का जश्न एंजॉय करते दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे की खुशी साफ बता रही है कि परिवार में शादी का उत्साह चरम पर है। वहीं वीडियो के आखिर में अंशुला की बहन और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की भी छोटी-सी झलक देखने को मिली। पिंक आउटफिट में जाह्नवी बेहद खूबसूरत लग रही थीं और उनकी मुस्कान ने फैंस का दिल जीत लिया। अब फैंस को अंशुला कपूर के ब्राइडल लुक और शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है।

---विज्ञापन---