मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर और आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन एक बार फिर अपनी कथित शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिलेशनशिप को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब अनिरुद्ध के मामा और दिग्गज अभिनेता वाई. जी. महेंद्रन के बयान ने इन अटकलों को और तेज कर दिया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में वाई. जी. महेंद्रन ने अनिरुद्ध की शादी का जिक्र करते हुए कहा कि वह जल्द ही "एक बहुत बड़ी शादी" करने वाले हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने भतीजे को पहले से ही शादी की शुभकामनाएं भी दे दीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जाने लगे कि अनिरुद्ध और काव्या जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, अनिरुद्ध रविचंदर पहले कई बार काव्या मारन के साथ अपने रिश्ते की खबरों को अफवाह बता चुके हैं। बावजूद इसके, दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, जिससे डेटिंग की चर्चाएं लगातार होती रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों इस साल नवंबर या दिसंबर में शादी कर सकते हैं। चर्चा है कि यह एक ग्रैंड डेस्टिनेशन वेडिंग होगी, जो स्पेन में आयोजित की जा सकती है। इसके बाद चेन्नई में भव्य रिसेप्शन होने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, शादी की तारीख और वेन्यू को लेकर दोनों परिवारों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इन खबरों को सिर्फ अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।

---विज्ञापन---