टीवी के लोकप्रिय कपल शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ इस समय अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। साल 2025 में लिवर कैंसर का पता चलने के बाद से दीपिका लगातार इलाज करा रही हैं। कैंसर के साथ-साथ उन्हें अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर अब उनके दो साल के बेटे रूहान पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अपने लेटेस्ट व्लॉग में शोएब इब्राहिम ने दीपिका की हेल्थ अपडेट साझा करते हुए बताया कि वह उनके दूसरे इम्यूनोथेरेपी इन्फ्यूजन के लिए अस्पताल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान उन्हें दीपिका को अस्पताल में छोड़कर घर लौटना पड़ेगा ताकि वह बेटे रूहान के साथ रह सकें। शोएब ने बताया कि दीपिका का दूसरा इन्फ्यूजन शुरू हो चुका है और फिलहाल उनका पूरा ध्यान इलाज पर है। इसी दौरान शोएब ने बेटे रूहान की मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में रूहान ज्यादातर समय अपनी मां दीपिका के साथ रहा है। लेकिन लगातार इलाज और अस्पताल के चक्कर के कारण अब वह काफी चिड़चिड़ा हो गया है। शोएब ने कहा कि अगर दीपिका का इन्फ्यूजन रात तक चलता है तो वह अस्पताल से वापस घर जाकर रूहान के साथ समय बिताएंगे, ताकि उसे अकेलापन महसूस न हो। लगातार चल रहे इलाज और परिवार पर आए इस कठिन समय का असर केवल दीपिका और शोएब पर ही नहीं, बल्कि छोटे रूहान पर भी पड़ रहा है। ऐसे में पूरा परिवार इस मुश्किल दौर का सामना हिम्मत और सकारात्मक सोच के साथ कर रहा है।