एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। एक्ट्रेस अनन्या राज, जिन्हें अनन्या सेनगुप्ता के नाम से भी जाना जाता है, का 27 साल की उम्र में निधन हो गया। परिवार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी साझा की। परिवार के मुताबिक, अनन्या ने 15 जुलाई 2026 की सुबह सोते हुए शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। पोस्ट में बताया गया कि वह पिछले एक साल से अधिक समय से शारीरिक और मानसिक तकलीफों से जूझ रही थीं और इससे उबरने के लिए उन्होंने मजबूती से संघर्ष किया। परिवार ने उन्हें मजबूत इरादों वाली लड़की बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। साथ ही, इस मुश्किल घड़ी में परिवार ने लोगों से उनकी निजता और शांति बनाए रखने की अपील की है। अनन्या के निधन की खबर सामने आते ही फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। अनन्या लंबे समय से लाइमलाइट से दूर थीं, इसलिए उनके अचानक निधन की खबर ने फैंस को और भी हैरान कर दिया। बता दें कि अनन्या ने ‘7 ऑवर्स टू गो’ (2016), ‘द फाइनल एग्जिट’ (2017) और ‘घोस्ट’ (2019) जैसी फिल्मों में काम किया था।