अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर आखिरकार खुद महानायक ने विराम लगा दिया है। दरअसल, 21 जुलाई को अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में सर्जरी, ICU और पोस्ट-ऑपरेशन रिकवरी का जिक्र किया था। इसके बाद उनके पोस्ट को उनकी निजी सेहत से जोड़कर देखा गया और सोशल मीडिया पर खबरें वायरल होने लगीं कि 83 वर्षीय अभिनेता की हाल ही में सर्जरी हुई है, वह ICU में भर्ती रहे हैं और अब घर पर रिकवरी कर रहे हैं। इन खबरों के बाद उनके प्रशंसकों के बीच चिंता बढ़ गई। हालांकि, देर रात अमिताभ बच्चन ने अपने नए ब्लॉग में पूरी स्थिति साफ कर दी। उन्होंने लिखा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके पिछले पोस्ट को गलत समझा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्जरी और ICU का उदाहरण उन्होंने केवल यह समझाने के लिए दिया था कि किसी कठिन दौर के बाद सामान्य जीवन में लौटना कितना चुनौतीपूर्ण होता है। अमिताभ ने बताया कि वह यह बात फीफा वर्ल्ड कप के संदर्भ में कह रहे थे। उनका इशारा एक चैंपियन टीम या खिलाड़ी की हार के बाद मानसिक रूप से खुद को संभालने की चुनौती की ओर था। लोगों ने इसे उनकी निजी सेहत से जोड़ लिया, जिससे भ्रम फैल गया। गौरतलब है कि इस पोस्ट के वायरल होने से दो दिन पहले ही अमिताभ बच्चन अपने बंगले 'जलसा' के बाहर रविवार दर्शन के दौरान प्रशंसकों से मिले थे। उस दौरान भी वह पूरी तरह स्वस्थ और फिट नजर आए थे। उनके ताजा ब्लॉग के बाद साफ हो गया है कि उनकी सेहत को लेकर फैली सभी खबरें महज गलतफहमी थीं।

---विज्ञापन---