बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या टीवी शो नहीं, बल्कि उनका हालिया ब्लॉग है, जिसने करोड़ों फैंस की चिंता बढ़ा दी है। बिग बी ने पहली बार खुलकर बताया कि वह अस्पताल में भर्ती रहे, उनकी सर्जरी हुई और कुछ समय तक ICU में भी रहना पड़ा। अपने ब्लॉग में उन्होंने अस्पताल में बिताए पलों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख तथा इलाज के बाद घर लौटने के अनुभव को जिंदगी के सबसे कठिन दौरों में से एक बताया। अमिताभ ने लिखा कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी इंसान पूरी तरह बदल जाता है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आता है जब व्यक्ति खुद को अजेय समझता है, लेकिन अचानक आई बीमारी उसे जिंदगी की सच्चाई से रूबरू करा देती है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर व्यक्ति का मुश्किल परिस्थितियों से निपटने का अपना तरीका होता है और किसी के फैसलों को लेकर उसे जज नहीं किया जाना चाहिए। खास बात यह है कि कुछ समय पहले उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं, जिन्हें उस वक्त अफवाह बताया गया था। अब खुद अमिताभ ने अस्पताल, सर्जरी और ICU में रहने की पुष्टि कर दी है, हालांकि उन्होंने बीमारी या सर्जरी की वजह का खुलासा नहीं किया। ब्लॉग सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की तो किसी ने 83 साल की उम्र में उनके जज्बे और हिम्मत को प्रेरणादायक बताया। कई प्रशंसकों ने उनसे अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने और पर्याप्त आराम करने की अपील भी की।

---विज्ञापन---