बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में संडे दर्शन के दौरान बिग बी अपने बंगले जलसा के बाहर बुलेटप्रूफ ग्लास के अंदर नजर आए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे। हर रविवार की तरह फैंस अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन इस बार सुरक्षा के इंतजाम पहले से काफी अलग दिखाई दिए। जलसा के बाहर गेट के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और बॉडीगार्ड्स तैनात नजर आए। बंगले के एंट्री पॉइंट्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा गार्ड रूम के आसपास लोहे की ग्रिल्स और कुछ खिड़कियों पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं। जलसा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए देखिए राहुल पांडे की ग्राउंड रिपोर्ट। दरअसल, बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता उस वक्त बढ़ गई, जब टाइगर श्रॉफ पर हमले की खबर सामने आई। इस मामले की जांच के दौरान कुछ सितारों के घरों की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई थी। इसी बीच रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि BMC के मेयर ऑफिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें अमिताभ बच्चन और जलसा का जिक्र था। इसके बाद बिग बी की सुरक्षा बढ़ाए जाने की खबरें सामने आईं। वहीं, अमिताभ अकेले ऐसे सितारे नहीं हैं जिनकी सुरक्षा को लेकर चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार के घर पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है और खिड़कियों पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाए गए हैं। आमिर खान को मुंबई पुलिस की सुरक्षा मिलने की बात कही गई है, जबकि सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी में भी पहले बुलेटप्रूफ ग्लास लगाए जा चुके हैं।