अमिताभ बच्चन जल्द ही अपना 84वां जन्मदिन मनाने वाले हैं, लेकिन इससे पहले उनके फैंस को उनकी सेहत से जुड़ी खबर ने चिंता में डाल दिया। दरअसल, KBC 18 की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन फिसलकर गिर गए, जिससे उनके बाएं घुटने में चोट लग गई। चोट की वजह से उन्हें खड़े होने में थोड़ी परेशानी हुई और इसी कारण उन्होंने शो के एक नए एपिसोड की शुरुआत बैठकर की। आमतौर पर KBC के मंच पर जोश के साथ खड़े होकर अपना मशहूर मोनोलॉग देने वाले बिग बी इस बार कुर्सी पर बैठे नजर आए। स्टूडियो में मौजूद दर्शक भी उन्हें इस अंदाज में देखकर हैरान रह गए। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने खुद अपनी चोट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिसके कारण उनके बाएं घुटने में चोट आई। उन्होंने यह भी साफ किया कि चोट गंभीर नहीं है, बस खड़े होने में थोड़ी परेशानी हो रही है। चोट के बावजूद अमिताभ ने शूटिंग जारी रखी। इसके अलावा उन्होंने अपने ब्लॉग पर संडे दर्शन और KBC के सेट से तस्वीरें भी शेयर कीं और फैंस के प्यार को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। हाल ही में उन्होंने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ अपने रिश्ते और अलग-अलग विचारों को लेकर भी ब्लॉग में लिखा था। वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ जल्द ही रिभु दासगुप्ता की फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ डायना पेंटी, निमरत कौर और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में हैं।