अमिताभ बच्चन को लेकर सोशल मीडिया पर अचानक ऐसी खबरें वायरल हो गईं कि उनकी तबीयत बेहद खराब है और उन्हें मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि बिग बी 16 मई से अस्पताल में हैं और बेटे अभिषेक बच्चन भी उनसे मिलने पहुंचे थे। इन खबरों के बाद फैंस काफी परेशान हो गए और सोशल मीडिया पर दुआओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि बाद में सामने आया कि ये खबरें पूरी तरह गलत थीं। दरअसल, अमिताभ बच्चन सिर्फ अपने रुटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हर महीने नियमित जांच करवाते हैं और इस बार भी चेकअप के बाद उसी दिन घर लौट आए थे। करीबी सूत्रों ने साफ किया कि बिग बी पूरी तरह स्वस्थ हैं। इतना ही नहीं, 17 मई को उन्हें घर के बाहर फैंस से मिलते हुए भी देखा गया था। अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर तस्वीरें भी शेयर की थीं, जिसमें वह पहले की तरह एक्टिव और एनर्जेटिक नजर आए।