बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन आज अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर जलसा के बाहर फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एक रात पहले ही लोग हाथों में बिग बी के पोस्टर लेकर उनकी एक झलक पाने के लिए पहुंच गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फैंस डांस करते और अमिताभ बच्चन के अंदाज में जश्न मनाते नजर आए। इस बीच अमिताभ की लव लाइफ से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी चर्चा में है। रेखा और जया बच्चन के अलावा अमिताभ की जिंदगी में एक लड़की के होने की बात कही जाती है, जब वह फिल्मों में नहीं आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय अमिताभ कोलकाता की एक शिपिंग कंपनी में नौकरी करते थे और उनकी सैलरी करीब 250 से 300 रुपये थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात माया नाम की लड़की से हुई, जो ब्रिटिश एयरवेज में फ्लाइट अटेंडेंट थीं। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातें होने लगीं। फिल्मों में करियर बनाने के लिए अमिताभ जब मुंबई आए, तो माया उनसे मिलने आती थीं। हालांकि, अमिताभ को डर था कि उनकी मां तेजी बच्चन को इस रिश्ते के बारे में पता न चल जाए। बाद में दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं और रिश्ता खत्म हो गया। इसके बाद अमिताभ ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर जया बच्चन से शादी की।