बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की 42 साल पुरानी संडे दर्शन की परंपरा अब भी जारी है, लेकिन हाल ही में उनकी सुरक्षा के इंतजाम पहले से काफी बदल गए हैं। बीते दिनों बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा की रेकी किए जाने की खबरों के बाद उनकी सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं, BMC के मेयर ऑफिस को मिले एक धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन और उनके बंगले पर हमले का भी जिक्र किया गया था। इन घटनाओं के बाद बिग बी की सुरक्षा को लेकर खास सावधानी बरती जा रही है। रविवार, 1 नवंबर को बहू ऐश्वर्या राय बच्चन के 53वें जन्मदिन पर अमिताभ एक बार फिर अपने फैंस से मिलने जलसा के बाहर पहुंचे। हालांकि, इस बार उनका अंदाज पहले से बिल्कुल अलग था। अमिताभ बच्चन एक बड़े ट्रांसपेरेंट बुलेटप्रूफ एनक्लोजर के अंदर खड़े होकर फैंस का अभिवादन करते नजर आए। वहीं, जलसा के बाहर भारी पुलिस तैनाती और बैरिकेडिंग भी देखने को मिली। अभिषेक बच्चन भी इस दौरान अपने पिता के साथ मौजूद रहे और आसपास के माहौल पर नजर रखते दिखे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस ट्रॉली पर खड़े होकर अमिताभ हर रविवार फैंस से मिलते हैं, उसके तीनों तरफ करीब 12 फीट ऊंचा ट्रांसपेरेंट बुलेटप्रूफ ग्लास स्थायी रूप से लगाया गया है। इस तरह बिग बी ने अपनी पुरानी परंपरा को जारी रखते हुए सुरक्षा से भी कोई समझौता नहीं किया है। गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद कई बॉलीवुड सितारे अपनी सुरक्षा बढ़ा रहे हैं। अक्षय कुमार ने भी अपने घर की खिड़कियों में बुलेटप्रूफ ग्लास लगवाए हैं, जबकि आमिर खान को मुंबई पुलिस की सुरक्षा मिली है। वहीं, सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी में भी बुलेटप्रूफ ग्लास लगाए गए हैं।