क्या अली गोनी और जैस्मिन भसीन का ब्रेकअप हो गया है? पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर यह सवाल चर्चा में है। इसकी वजह बनी जैस्मिन की एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें उन्होंने अपने हाथ पर बनवाए पहले टैटू “I AM ENOUGH” यानी “मैं खुद में काफी हूं” के बारे में लिखा था। जैस्मिन ने अपने पोस्ट में बताया था कि लंबे समय तक उन्होंने खुद को दूसरों की पसंद के मुताबिक ढालने की कोशिश की। प्यार और अपनापन पाने के लिए उन्होंने खुद को बदला, छोटा किया और दूसरों की उम्मीदों के हिसाब से जीने की कोशिश की। उनकी इस भावुक बात को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे अली गोनी के साथ उनके रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, अब जैस्मिन ने खुद इन अटकलों पर सफाई दे दी है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक्ट्रेस ने मीडिया पेजों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी निजी पोस्ट को सिर्फ व्यूज और अटेंशन के लिए तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी पोस्ट को उनके रिश्ते से जोड़कर न देखा जाए। इसके साथ ही जैस्मिन ने अपनी पुरानी पोस्ट डिलीट भी कर दी। यानी “I AM ENOUGH” टैटू या पोस्ट अली से ब्रेकअप का कोई इशारा नहीं था। जैस्मिन की बात दरअसल खुद से प्यार करने, खुद को स्वीकार करने और अपनी अहमियत समझने को लेकर थी। अली और जैस्मिन की लव स्टोरी की शुरुआत दोस्ती से हुई थी और बिग बॉस 14 के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार किया था। फिलहाल, जैस्मिन की सफाई के बाद ब्रेकअप की अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है।