टीवी एक्टर अली गोनी एक बार फिर सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला यूट्यूबर एल्विश यादव के घी ब्रांड 'नमो नारायण' से जुड़ा है। दरअसल, अली ने ब्रांड का प्रमोशनल वीडियो शेयर करते हुए घी की खूब तारीफ की, लेकिन उसका नाम नहीं लिया। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि उन्होंने धार्मिक वजहों से जानबूझकर ब्रांड का नाम लेने से परहेज किया। बढ़ते विवाद के बीच अली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर कर सफाई दी। उन्होंने वीडियो की शुरुआत 'नमो नारायण' बोलकर की और कहा कि वह सिर्फ प्रोडक्ट की क्वालिटी की बात कर रहे थे, किसी धर्म का अपमान नहीं। अली ने साफ कहा कि उनके लिए सभी धर्म बराबर हैं और उन्हें किसी भी देवी-देवता का नाम लेने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने ट्रोलर्स से अपील की कि बिना वजह धार्मिक विवाद खड़ा करने के बजाय सकारात्मक सोच रखें और नफरत फैलाने से बचें।