बॉलीवुड में दिवाली का जश्न हो और कपूर परिवार की चर्चा न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। इस बार रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की दिवाली बेहद खास रही, क्योंकि दोनों ने अपने नए आशियाने में पहली बार दिवाली सेलिब्रेट की। करीब 250 करोड़ रुपये के इस आलीशान बंगले को कपल ने खूबसूरत रोशनी और सजावट से जगमगा दिया। दिवाली के मौके पर रणबीर, आलिया और नीतू कपूर अपने नए घर की बालकनी में पहुंचे और पैपराजी को पोज दिए। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं, आलिया ने भी इंस्टाग्राम पर दिवाली सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें शेयर कीं। इनमें उनकी बेटी राहा अपने मम्मी-पापा के साथ नजर आईं। इस खास मौके पर रणबीर और आलिया ने पूरे रीति-रिवाज के साथ नए घर में लक्ष्मी पूजा की। नीतू कपूर भी बेटे, बहू और पोती के साथ इस जश्न में शामिल हुईं। हालांकि, इस सेलिब्रेशन की एक तस्वीर ने सभी को भावुक कर दिया। नीतू कपूर ने रणबीर और आलिया के साथ एक फैमिली फोटो शेयर की, जिसके पीछे दिवंगत ऋषि कपूर की तस्वीर नजर आई। इस तस्वीर ने याद दिलाया कि ऋषि भले ही परिवार के बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हर खुशी में शामिल हैं। लुक की बात करें तो आलिया लाइट ग्रीन और गोल्डन लहंगे में बेहद खूबसूरत लगीं, जबकि रणबीर क्रीम कुर्ता-पायजामा में नजर आए।