बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का रंजन और आदित्य सील के घर डबल खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने 23 अगस्त 2026 को जुड़वा बेटियों का स्वागत किया। अनुष्का की करीबी दोस्त और आलिया भट्ट के लिए यह भी बेहद खास पल है, क्योंकि अब आलिया मौसी बन गई हैं। अनुष्का और आदित्य ने सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत पोस्ट शेयर कर अपनी बेटियों के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ साझा की। कपल ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों ने उनकी जिंदगी को प्यार और खुशियों से भर दिया है। उन्होंने अपनी बेटियों के नाम भी रिवील किए हैं। पहली बेटी का नाम वीरा रंजन सील और दूसरी का नाम माही रंजन सील रखा गया है। अनुष्का के लिए मां बनने का सफर आसान नहीं रहा। वह पहले अपनी IVF जर्नी के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि इस प्रक्रिया के दौरान उन्हें करीब 150 इंजेक्शन लेने पड़े थे। फिजिकली और इमोशनली यह सफर उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन आदित्य और परिवार ने उनका पूरा साथ दिया। मई 2026 में कपल ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। अनुष्का और आदित्य ने नवंबर 2021 में शादी की थी। अब करीब पांच साल बाद उनकी जिंदगी में बेटियों के रूप में नई खुशियों ने दस्तक दी है।