टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में शामिल अली गोनी और जैस्मिन भसीन की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। हाल ही में शो 'अलायंस' में अली गोनी ने अपनी रिलेशनशिप को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2018 को जैस्मिन भसीन ने उन्हें प्रपोज किया था, लेकिन उस समय उन्होंने उनके प्रपोजल को ठुकरा दिया था। अली ने बताया कि उन्होंने जल्दबाजी में रिश्ते के लिए 'हां' नहीं कहा, क्योंकि उनका मानना है कि कई लोग शुरुआत में भावनाओं में बहकर कमिटमेंट कर लेते हैं, लेकिन समय के साथ उनकी फीलिंग्स बदल सकती हैं। इसलिए वह पहले अपने दिल की भावनाओं को पूरी तरह समझना चाहते थे। अली ने खुलासा किया कि जैस्मिन ने हार नहीं मानी और करीब दो साल तक उनके साथ एक सच्चे दोस्त की तरह खड़ी रहीं। हर मुश्किल वक्त में उन्होंने अली का साथ दिया और हमेशा उनका सपोर्ट सिस्टम बनी रहीं। धीरे-धीरे अली को एहसास हुआ कि जैस्मिन उन्हें सबसे बेहतर तरीके से समझती हैं। इसके बाद दोनों का रिश्ता दोस्ती से प्यार में बदल गया। आज अली और जैस्मिन टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं।