आकांक्षा रंजन कपूर और फिल्ममेकर शरण शर्मा ने 11 जुलाई 2026 को अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज कर हमेशा के लिए एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। इस इंटीमेट वेडिंग की सबसे खास बात यह रही कि शादी किसी आलीशान वेन्यू पर नहीं, बल्कि उनके घर के खूबसूरत गार्डन में संपन्न हुई। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। शादी के बाद आकांक्षा ने इंस्टाग्राम पर वेडिंग फोटोज शेयर करते हुए लिखा, "तू ना तो घर घर नहीं लगता, तू है तो डर नहीं लगता।" तस्वीरों में दोनों शादी की रस्में निभाते, एक-दूसरे को वचन देते और शरण आकांक्षा को मंगलसूत्र पहनाते नजर आ रहे हैं। एक भावुक तस्वीर में आकांक्षा की आंखों में खुशी के आंसू भी दिखाई दिए, जबकि शरण उन्हें गले लगाकर संभालते नजर आए। ब्राइडल लुक के लिए आकांक्षा ने डिजाइनर अर्पिता मेहता की लाल साड़ी चुनी, वहीं शरण पारंपरिक आउटफिट में नजर आए। शादी से पहले 10 जुलाई को संगीत और कॉकटेल पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें आलिया भट्ट, करण जौहर, सोनाक्षी सिन्हा और जान्हवी कपूर समेत कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए। 11 जुलाई की तारीख दोनों के लिए बेहद खास है। चार साल पहले इसी दिन उन्होंने अपने रिश्ते की शुरुआत की थी, इसलिए उसी यादगार दिन को शादी के लिए चुना। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी, जिसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत, दोस्ती और फिर प्यार का सफर शादी तक पहुंचा। अब 12 जुलाई को मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट में उनका वेडिंग रिसेप्शन आयोजित होगा।