टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला इन दिनों Lock Upp Season 2 में अपने निजी जीवन को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने खुलासा किया था कि वह और उनके पति गौरव खन्ना पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों जल्द ही तलाक लेने वाले हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई। अब शो के दूसरे एपिसोड में आकांक्षा ने अपने भविष्य और रिलेशनशिप को लेकर भी खुलकर बात की। कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने जब उनसे पूछा कि क्या वह दोबारा प्यार में पड़ना चाहेंगी, तो आकांक्षा ने साफ शब्दों में कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। आकांक्षा ने कहा, "मैं इतनी जल्दी प्यार में नहीं पड़ना चाहती। मैं खुद को थोड़ा समय देना चाहती हूं। मेरी शादी 24 साल की उम्र में हो गई थी। मैंने अपनी जिंदगी को उतना एक्सप्लोर और एन्जॉय नहीं किया, जितना करना चाहती थी। 10 साल के रिश्ते के बाद अब मेरे पास खुद के लिए समय है और फिलहाल मैं उसी पर ध्यान देना चाहती हूं।" एक्ट्रेस के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कई फैंस उनके फैसले का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि आकांक्षा पहले से ही पार्टियों और इवेंट्स में सक्रिय नजर आती हैं, इसलिए उनके "जिंदगी को एक्सप्लोर करने" वाले बयान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, आकांक्षा ने फिलहाल अपने भविष्य को लेकर इतना ही स्पष्ट किया है कि वह अभी किसी नए रिश्ते में नहीं पड़ना चाहतीं।

---विज्ञापन---