'अनुपमा' में अनुज कपाड़िया का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए गौरव खन्ना इन दिनों अपनी पत्नी आकांक्षा चमोला की वजह से सुर्खियों में हैं। आकांक्षा इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो Lock Upp का हिस्सा हैं और शो में लगातार अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़े खुलासे कर रही हैं। शो के पहले ही दिन आकांक्षा ने गौरव खन्ना से तलाक की बात कहकर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शादी से पहले उनके कुछ महिलाओं के साथ रिश्ते रहे थे। इन खुलासों के बाद गौरव खन्ना को भी शो में आना पड़ा। उन्होंने पत्नी का समर्थन किया, लेकिन यह भी कहा कि इन निजी खुलासों का असर उनकी निजी जिंदगी पर पड़ रहा है और शो के बाहर उनसे लगातार सवाल पूछे जा रहे हैं। अब आकांक्षा ने शो में एक और बड़ा बयान दिया है। को-कंटेस्टेंट वरुण यादव से बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को Asexual बताया। आकांक्षा ने कहा कि गौरव खन्ना के साथ चल रहे तलाक ने इंटिमेसी और रिश्तों को लेकर उनकी सोच बदल दी है। फिलहाल उन्हें न किसी पुरुष और न ही किसी महिला के साथ रिश्ते या शारीरिक निकटता की इच्छा है। उनका मानना है कि जीवन के अलग-अलग दौर में व्यक्ति की सेक्शुअलिटी भी बदल सकती है। आकांक्षा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनकी ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे टीआरपी हासिल करने की कोशिश बता रहे हैं। वहीं, कई फैंस गौरव खन्ना के समर्थन में भी खुलकर सामने आए हैं। अब देखना होगा कि शो में आकांक्षा का सफर आगे कितना लंबा चलता है।