बॉलीवुड की ग्लोबल आइकन ऐश्वर्या राय बच्चन आज अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय के लिए दुनियाभर में पहचान रखती हैं। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब सलमान खान से ब्रेकअप के बाद उन्हें बॉलीवुड में खुद को बिल्कुल अकेला महसूस हुआ। इस बात का खुलासा मशहूर एड फिल्म निर्देशक प्रह्लाद कक्कड़ ने अपने एक इंटरव्यू में किया था। प्रह्लाद कक्कड़, जो कभी ऐश्वर्या के पड़ोसी और करीबी रहे हैं, ने बताया कि ब्रेकअप से ज्यादा ऐश्वर्या को इंडस्ट्री के रवैये ने आहत किया। उनके मुताबिक, ऐश्वर्या को लगा कि बॉलीवुड के ज्यादातर लोगों ने बिना पूरी सच्चाई जाने सलमान खान का साथ दिया और उन्हें अकेला छोड़ दिया। इसी वजह से उनका इंडस्ट्री पर से भरोसा उठ गया था। प्रह्लाद कक्कड़ ने यह भी बताया कि उस दौर में ऐश्वर्या हर समय असुरक्षा और अकेले पड़ जाने के डर में रहती थीं। उन्होंने कई बार अपनी चिंता जाहिर की कि पूरा बॉलीवुड सलमान का समर्थन करेगा। कक्कड़ के अनुसार, उन्होंने उस मुश्किल वक्त में ऐश्वर्या का हौसला बढ़ाया और उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दी। सलमान खान के व्यवहार पर भी प्रह्लाद कक्कड़ ने खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने बिल्डिंग की लॉबी में कई बार हंगामा करते देखा था। उनका मानना है कि दोनों का रिश्ता आधिकारिक ब्रेकअप से काफी पहले ही खत्म हो चुका था। आज भी इस चर्चित रिश्ते की कहानी बॉलीवुड के सबसे चर्चित अध्यायों में गिनी जाती है।