करीना कपूर अपने दोनों बेटों तैमूर और जेह की परवरिश को लेकर काफी सजग रहती हैं। खासतौर पर बच्चों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और स्क्रीन टाइम को लेकर करीना ने कुछ सख्त नियम बनाए हैं। एक हालिया इंटरव्यू में करीना ने बताया कि वह बच्चों के स्क्रीन टाइम को लेकर काफी ‘हाइपर’ रहती हैं। अगर उन्हें लगता है कि बच्चे जरूरत से ज्यादा फोन या किसी डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वह तुरंत एक्शन लेती हैं। करीना ने बताया कि तैमूर के पास अभी अपना पर्सनल फोन नहीं है। जरूरत पड़ने पर वह नैनी का फोन इस्तेमाल करते हैं। वहीं, मोबाइल पर गेमिंग को लेकर भी करीना काफी सख्त हैं। अगर तैमूर या जेह ज्यादा समय तक गेम खेलने लगते हैं, तो करीना फोन अपने पास रख लेती हैं। इतना ही नहीं, AI और तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी को लेकर भी करीना काफी सतर्क हैं। उनका मानना है कि आज के दौर में बच्चों को टेक्नोलॉजी से पूरी तरह दूर रखना संभव नहीं है, लेकिन यह जरूर तय किया जा सकता है कि वे इसका इस्तेमाल कितनी देर और किस तरह करें। वहीं, स्क्रीन टाइम को लेकर करीना और सैफ अली खान की सोच थोड़ी अलग बताई जाती है। करीना जहां ज्यादा सख्त हैं, वहीं सैफ का रवैया थोड़ा रिलैक्स्ड है। ऐसे में तैमूर और जेह की डिजिटल दुनिया पर मम्मी करीना की पैनी नजर रहती है।