साउथ इंडस्ट्री की लेडी सुपरस्टार सामंथा रूथ प्रभु इन दिनों अपनी कथित बेबी बंप तस्वीरों और वीडियोज को लेकर लगातार चर्चा में हैं। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। अब इन अटकलों के बीच सामंथा ने खुद सामने आकर इन खबरों पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म मा इंटी बंगारम की सक्सेस मीट के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सामंथा ने अपनी मौजूदा स्थिति को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि फिल्म के बाद उन्हें कुछ समय का ब्रेक लेना पड़ेगा और वह मैटरनिटी लीव पर जाएंगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ब्रेक के बाद वह अपने फैंस के लिए नई फिल्म के साथ वापसी करेंगी। सामंथा के इस बयान के बाद उनके चाहने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई। फैंस उनकी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां देने लगे। हालांकि, इस खुशखबरी के साथ एक्ट्रेस के काम से अस्थायी दूरी बनाने की बात ने कई प्रशंसकों को भावुक भी कर दिया। सामंथा के ब्रेक की खबर सामने आते ही फैंस के बीच कई सवाल उठने लगे हैं। कोई बच्चे के आने की संभावित तारीख जानना चाहता है तो कोई उनके अगले प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुक है। फिलहाल, एक्ट्रेस का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस उनकी जिंदगी के इस नए अध्याय के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।