असम में आई भीषण बाढ़ को लेकर एक्टर आदिल हुसैन ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजियां इस समय असम के शिवसागर जिले में बाढ़ के बीच फंसी हुई हैं और उनके घरों में पानी घुस चुका है। परिवार की चिंता में वह लगातार उनके संपर्क में हैं और हरसंभव मदद की कोशिश कर रहे हैं। आदिल ने कहा कि वह बचपन से हर साल असम में बाढ़ की तबाही देखते आए हैं, लेकिन आज तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला। उनके मुताबिक, इस बार हालात पहले से ज्यादा गंभीर हैं। उन्होंने बाढ़ के लिए बिना प्लानिंग के निर्माण, दलदली जमीनों पर कब्जे और पेड़ों की कटाई को भी जिम्मेदार बताया। एक्टर का कहना है कि हर साल राहत कार्यों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को बाढ़ से निपटने के लिए लंबी और ठोस योजना बनानी होगी। उन्होंने बताया कि सिंगर पापोन भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में जुटे हैं और अब समय आ गया है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।