दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और नीतू कपूर की लव स्टोरी आज भी बॉलीवुड की सबसे यादगार प्रेम कहानियों में गिनी जाती है। 22 जनवरी 1980 को आरके स्टूडियो में हुई उनकी शाही शादी में करीब 5,000 मेहमान शामिल हुए थे। लेकिन इस भव्य शादी में कई ऐसे मजेदार और चौंकाने वाले किस्से भी हुए, जिनका खुलासा खुद नीतू कपूर ने एक पुराने इंटरव्यू में किया था। नीतू कपूर ने बताया था कि शादी के दिन भारी भीड़ और लगातार चल रही रस्मों के कारण वह और ऋषि कपूर बेहद थक चुके थे। तनाव और घबराहट के बीच दोनों ने थोड़ी-सी ब्रैंडी पी ली थी। नतीजा यह हुआ कि दोनों नशे की हालत में मंडप तक पहुंचे और सात फेरे भी उसी हालत में लिए। वहीं, घोड़ी पर चढ़ने से पहले ऋषि कपूर भी भीड़ और शोर-शराबे के कारण बेहोश हो गए थे। नीतू ने यह भी बताया था कि शादी में सिर्फ परिवार, दोस्त और फिल्मी सितारे ही नहीं, बल्कि कुछ अनजान लोग भी घुस आए थे। राज कपूर ने समारोह में कई मशहूर गायकों को भी आमंत्रित किया था, जिससे शादी किसी बड़े फिल्मी जश्न जैसी बन गई थी। शादी का एक और दिलचस्प किस्सा तोहफों से जुड़ा है। जहां कई मेहमानों ने महंगे उपहार दिए, वहीं कुछ जेबकतरों ने गिफ्ट पैक में पत्थर, जूते और चप्पल रखकर धोखा दिया। गौरतलब है कि ऋषि और नीतू कपूर के दो बच्चे हैं—रिद्धिमा कपूर साहनी और Ranbir Kapoor। 30 अप्रैल 2020 को ऋषि कपूर का निधन हो गया, लेकिन उनकी और नीतू कपूर की प्रेम कहानी आज भी फैंस के दिलों में हमेशा ज़िंदा है।

---विज्ञापन---