साउथ एक्ट्रेस अनुपमा परमेश्वरन इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्ट्रेस ने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर के बारे में बात की, जब उन्होंने करीब दो साल तक एक टॉक्सिक रिश्ते का सामना किया। अनुपमा ने अपने एक्स पार्टनर पर मानसिक और इमोशनल शोषण यानी नार्सिसिस्टिक एब्यूज का आरोप लगाया। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनके पार्टनर का व्यवहार लगातार बदलता रहता था। कभी वह बेहद प्यार और केयर करने वाला बन जाता, तो कभी उसका रवैया बिल्कुल बेरहम हो जाता। इस स्थिति को समझाने के लिए अनुपमा ने तमिल फिल्म ‘अपरिचित’ के किरदारों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि कभी पार्टनर ‘रेमो’ की तरह प्यार जताता, कभी ‘अन्नियन’ जैसा व्यवहार करता और फिर ‘अम्बी’ बनकर माफी मांगते हुए दोबारा ऐसा न करने का वादा करता। प्यार, गुस्सा, दूरी और फिर माफी का यह सिलसिला उनकी जिंदगी पर भारी पड़ने लगा। अनुपमा ने बताया कि इस रिश्ते के दौरान उनका वजन भी काफी कम हो गया था और उनका आत्मविश्वास प्रभावित हुआ। हालिया सोशल मीडिया पोस्ट्स के बाद उनके ब्रेकअप की चर्चाएं तेज हुई थीं। इसी बीच ध्रुव विक्रम के साथ उनके रूमर्ड रिलेशनशिप की बातें भी सामने आईं, हालांकि दोनों ने कभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की। अब अनुपमा अपने पुराने दर्द को पीछे छोड़कर अपनी जिंदगी और करियर पर फोकस कर रही हैं।