एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। बिग बॉस मलयालम सीजन 7 फेम रेनू सुधी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेनू इस समय कैंसर का इलाज करा रही हैं और पांचवीं कीमोथेरेपी के बाद उनकी हालत काफी कमजोर हो गई है। उन्हें केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया है। रेनू की करीबी और बिग बॉस में उनके साथ नजर आईं कंटेंट क्रिएटर सारिका केबी ने उनकी हेल्थ को लेकर जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, रेनू का प्लेटलेट काउंट काफी कम हो गया है और कीमोथेरेपी के बाद उन्हें काफी कमजोरी और परेशानी हो रही है। पहले कीमोथेरेपी के बाद रेनू करीब दस दिन आराम करने के बाद खुद को संभाल लेती थीं, वीडियो बनाती थीं और दोस्तों के मैसेज का जवाब भी देती थीं। हालांकि, पांचवीं कीमोथेरेपी के दस दिन बाद भी उनकी हालत में पहले जैसी रिकवरी नहीं हुई। सारिका ने बताया कि रेनू खुद से उठ नहीं पा रही हैं और ठीक से खाना भी नहीं खा पा रही हैं। इलाज के दौरान उनके शरीर में PICC लाइन भी डाली गई है। डॉक्टरों ने उनकी मौजूदा हालत को देखते हुए आगे कीमोथेरेपी को लेकर भी चिंता जताई है। रेनू ने इसी साल अपनी बीमारी के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि 15 साल की उम्र में उन्हें चेस्ट में गांठ महसूस हुई थी, जिसे लंबे समय तक नजरअंदाज किया। पति कोल्लम सुधी की जून 2023 में सड़क हादसे में मौत के बाद उन्होंने जांच कराई, जिसके बाद कैंसर का पता चला। जांच में बीमारी स्टेज 3 के अंतिम दौर में पहुंचने की बात सामने आई थी। फिलहाल करीबी लोगों ने फैंस से रेनू के लिए दुआ करने की अपील की है।