आराध्या बच्चन एक बार फिर अपने संस्कारों और सादगी की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन और आराध्या अमेरिका में छुट्टियां बिताने के बाद मुंबई लौटे, जहां एयरपोर्ट पर पैपराजी ने उन्हें स्पॉट किया। इस दौरान जहां सभी की नजरें ऐश्वर्या राय पर होने की उम्मीद थी, वहीं सबसे ज्यादा ध्यान आराध्या ने अपनी ओर खींच लिया। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय अभिषेक बच्चन सबसे पहले नजर आए और उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों का अभिवादन किया। उनके पीछे ऐश्वर्या और आराध्या ब्लैक आउटफिट में दिखाई दीं। कैमरों को देखकर आराध्या पहले थोड़ी झिझकीं, लेकिन अगले ही पल उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर सभी को नमस्ते किया। उनका यह विनम्र अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस आराध्या के इस व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे बच्चन परिवार के संस्कारों की झलक बता रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि आराध्या बिल्कुल अपनी मां ऐश्वर्या की तरह विनम्र और शालीन हैं। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि इतनी कम उम्र में उनका व्यवहार बेहद परिपक्व है। आराध्या का यह छोटा-सा जेस्चर लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनकी मुस्कान और सादगी को खूब पसंद किया जा रहा है। एक बार फिर आराध्या ने साबित कर दिया कि स्टारडम से ज्यादा लोगों के दिलों में जगह अच्छे व्यवहार और संस्कारों से बनती है।