बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंध सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह उनकी तीसरी शादी होगी और समारोह बेहद निजी रखा जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर अपने मुंबई स्थित घर पर परिवार की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। इस मौके पर केवल परिवार और करीबी लोग ही शामिल होंगे। आमिर के तीनों बच्चे—इरा खान, जुनैद खान और आजाद—भी इस खास अवसर का हिस्सा बनेंगे। हालांकि, उनकी पूर्व पत्नियां रीना दत्ता और किरण राव इस समारोह में शामिल होंगी या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सबसे ज्यादा चर्चा गेस्ट लिस्ट को लेकर हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि शादी में करीब 100 से 150 मेहमान शामिल होंगे, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री के किसी भी स्टार को निमंत्रण नहीं भेजा गया है। अगर ऐसा होता है तो आमिर के करीबी दोस्त सलमान खान और शाहरुख खान भी इस शादी में नजर नहीं आएंगे। गौरी स्प्रैट बेंगलुरु से हैं और उनका संबंध फैशन व बिजनेस क्षेत्र से है। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से पढ़ाई की है और फिलहाल आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ काम कर रही हैं। गौरतलब है कि आमिर की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से और दूसरी शादी 2005 में किरण राव से हुई थी। दोनों शादियां तलाक पर खत्म हुईं। फिलहाल, आमिर या उनकी टीम ने शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

---विज्ञापन---