बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र और ऑडियो संदेश मिला है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि संदेश में आमिर खान और गौरी स्प्रैट के रिश्ते को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और इसे तथाकथित "लव जिहाद" से जोड़ते हुए गंभीर चेतावनी दी गई। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। इसी बीच आमिर खान को लेकर एक और विवाद सामने आया है। अयोध्या के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने अभिनेता की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करते हुए उनकी शादियों को लेकर विवादित बयान दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने आमिर पर "लव जिहाद" को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। फिलहाल आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इन घटनाक्रमों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हाल के वर्षों में कई बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने की खबरें सामने आती रही हैं, ऐसे में इस मामले ने भी फैंस की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच सोशल मीडिया पर आमिर खान का एक पुराना बयान भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है। उन्होंने बताया था कि उनकी दोनों बहनों की शादी हिंदू परिवारों में हुई है, उनकी बेटी ने भी हिंदू परिवार में शादी की है और उनकी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता, किरण राव तथा गौरी स्प्रैट ने कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया, क्योंकि उनके रिश्ते सिविल मैरिज के तहत रहे।

---विज्ञापन---