बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने आखिरकार अपनी तीसरी शादी की खबरों पर खुद मुहर लगा दी है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अभिनेता ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि वह 5 जुलाई को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी की डेब्यू वेब सीरीज़ प्रीतम एंड पेड्रो की स्पेशल स्क्रीनिंग में पहुंचे आमिर खान से पैपराजी ने शादी को लेकर सवाल किया। इस दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि 5 जुलाई उनके लिए बेहद खास दिन है और शादी बेहद निजी समारोह में होगी। इसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। आमिर ने सभी से अपनी नई शुरुआत के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी मांगीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी अपने घर पर रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। इस मौके पर आमिर की मां जीनत खान, उनके बच्चे आइरा, जुनैद और आज़ाद, दोनों बहनें, साथ ही पूर्व पत्नियां रीना दत्ता और किरण राव भी मौजूद रह सकती हैं। बता दें कि गौरी स्प्रैट भी तलाकशुदा हैं और उनकी पहली शादी से एक बेटा है। आमिर और गौरी कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। किरण राव से अलग होने के बाद दोनों करीब आए और करीब डेढ़ साल तक अपने रिश्ते को निजी रखा। आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था और अब दोनों अपने रिश्ते को शादी का नाम देने जा रहे हैं।