दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत अब पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं। 74 साल की उम्र में ब्लड कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में पूरे रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उन्हें आखिरी विदाई देने पहुंचे। इस दौरान बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान भी अपने पुराने दोस्त प्रदीप रावत को अंतिम विदाई देने पहुंचे। आमिर सादगी भरे अंदाज में श्मशान घाट पहुंचे और उन्होंने परिवार से मुलाकात कर उन्हें हिम्मत दी। इस भावुक पल में आमिर अपने आंसू पोंछते हुए भी नजर आए। वहीं, प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य रावत ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी। पत्नी कल्याणी रावत और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के लिए अभिनेता रज़ा मुराद, टीवी एक्ट्रेस रूहानिका धवन समेत कई कलाकार पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि प्रदीप रावत पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और ब्लड कैंसर का इलाज करा रहे थे। उनके निधन की खबर ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया। प्रदीप रावत ने ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा, ‘लगान’, ‘गजनी’ समेत कई फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। उनके निभाए किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

---विज्ञापन---