बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तीसरी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हैं और इसी बीच ड्रामा क्वीन राखी सावंत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह आमिर की कथित तीसरी शादी पर मजाकिया अंदाज में तंज कसती नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो में राखी सावंत आमिर खान की पिछली शादियों का जिक्र करते हुए कहती हैं, "आमिर खान सर की बीवियां क्यों नहीं टिकतीं? सारे रिकॉर्ड तो आपने ही तोड़ दिए हैं। कितनी शादियां करते हो, कितने तलाक लेते हो? ये आखिरी शादी है या इसके बाद चौथी भी होगी? अगर चौथी शादी होगी तो मैं तैयार हूं।" राखी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। राखी के इस मजाकिया अंदाज ने एक बार फिर इंटरनेट पर गॉसिप्स का दौर शुरू कर दिया है। कुछ यूजर्स उनके बयान को महज मनोरंजन बता रहे हैं, जबकि कई लोग आमिर खान की निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, आमिर खान की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन उनकी ओर से किसी नई शादी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में वायरल हो रही चर्चाओं और राखी सावंत के बयान को फिलहाल केवल सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों और मनोरंजक प्रतिक्रियाओं के तौर पर ही देखा जा रहा है।